ग्लोबल स्टार बन चुके पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कनाडा कॉन्सर्ट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने उनके शो में खलल डालने की कोशिश की। वैंकूवर में आयोजित ‘Aura-2026’ म्यूज़िक कॉन्सर्ट के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी खालिस्तानी झंडे लेकर वेन्यू के भीतर घुस आए, जिससे वहां मौजूद हजारों प्रशंसकों के बीच तनाव फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने न केवल खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाए, बल्कि भारत के खिलाफ भी जहर उगला। प्रदर्शनकारियों ने दिलजीत दोसांझ पर निशाना साधते हुए उन पर BJP और RSS से जुड़े होने का आरोप लगाया। जब सिक्योरिटी स्टाफ़ ने हालात को काबू करने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारियों की उनसे झड़प हो गई। कुछ देर के लिए कॉन्सर्ट में तनाव का माहौल बन गया था, लेकिन बाद में हालात काबू में कर लिए गए।
सूत्रों के मुताबिक, इस हंगामे में शामिल लोगों में पवनदीप सिंह बस्सी और मनदीप सिंह रवि नाम के दो लोग भी शामिल हैं। आरोप है कि ये लोग ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) से जुड़े हैं, जो भारत में बैन एक संगठन है और जिसका नेतृत्व गुरपतवंत सिंह पन्नू करते हैं।
दिलजीत दोसांझ Aura Tour 2026 के बारे में
जिन लोगों को नहीं पता, उन्हें बता दें कि दिलजीत दोसांझ अभी अपने नॉर्थ अमेरिका टूर पर हैं, जिसका नाम ‘AURA World Tour 2026’ है। उनका यह टूर 23 अप्रैल को वैंकूवर के BC Place Stadium से शुरू हुआ था और 20 जून 2026 तक चलेगा, जिसका आखिरी शो सैन फ्रांसिस्को के Chase Center में होगा।


