अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में रहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है। पति पीटर हाग के साथ चल रही तलाक की कानूनी कार्यवाही के बीच, सेलिना ने अपने बच्चों के साथ बिताए पुराने पलों को याद करते हुए गहरे मानसिक सदमे (trauma) और उससे उबरने के दर्दनाक सफर को बयां किया है। सेलिना का यह दिल को छू लेने वाला नोट इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे पढ़कर उनके फैंस भी काफी भावुक नजर आ रहे हैं।
तलाक की लड़ाई के बीच सेलिना जेटली ने बेटे के साथ एक इमोशनल पुरानी याद शेयर की
एक वीडियो शेयर करते हुए जिसमें वह बगीचे में अपने बेटे के साथ मस्ती भरे पल बिताती दिख रही हैं, उन्होंने लिखा, “सबसे मजबूत लोग अक्सर वे होते हैं जो अंदर से टूट रहे होते हैं। लोग मुझे मजबूत कहते हैं। लेकिन दर्द और सदमे ने मुझे मजबूत नहीं बनाया। उन्होंने मुझे बार-बार तोड़ा, जब तक कि मेरे पास खुद को ठीक करना सीखने के अलावा कोई चारा नहीं बचा।”
उन्होंने आगे कहा, “फिर, जब मुझे लगता है कि मैंने खुद को संभाल लिया है, तो घाव से फिर खून बहने लगता है। पुरानी यादें वापस आने लगती हैं। दिल में इतना दर्द होता है कि लगता है जैसे वह फिर से टूट जाएगा। इसलिए मैं रुक जाती हूँ।
मैं शोर-शराबे से दूर हो जाती हूँ। मैं धीरे-धीरे दर्द से खुद को अलग करती हूँ, उससे भागने के लिए नहीं, बल्कि उससे उबरने के लिए। मैं खुद के बिखरे हुए टुकड़ों को इकट्ठा करती हूँ, मुश्किल समय में गहरी साँस लेती हूँ, और फिर से ठीक होना शुरू करती हूँ। लोग अक्सर कहते हैं, ‘तुम्हारे सदमे ने तुम्हें मजबूत बनाया है।’ मैं चुप रहती हूँ। क्योंकि यह सच नहीं है।”


