महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भैयाथान क्षेत्रवासियों को सड़क विकास की बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 34 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का कार्यप्रारम्भ पूजन किया।
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। साथ ही लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
बेहतर सड़कें ग्रामीण विकास की मजबूत नींव
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सड़कें विकास की जीवन रेखा हैं। मजबूत सड़क नेटवर्क से गांवों की कनेक्टिविटी बढ़ती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। सरकार का प्रयास है कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना पहुंचे और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिले।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने कहा।
NH-43 से केंवरा तक 18 किमी सड़क का होगा चौड़ीकरण
प्रमुख परियोजनाओं में डुमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा मार्ग का चौड़ीकरण एवं उन्नयन शामिल है। करीब 30.41 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
परियोजना के तहत बिटुमिनस कंक्रीट एवं शोल्डर कार्य के साथ 6,570 मीटर नाली, 300 मीटर टो-वॉल, 140 मीटर रिटेनिंग वॉल, 8 एचपीसी और 7 स्लैब पुलियों का निर्माण किया जाएगा। सड़क के उन्नयन से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
झम्मनपारा को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
झम्मनपारा में दर्रीपारा-दनौली मार्ग से 3.20 किलोमीटर सड़क निर्माण का भी कार्यप्रारम्भ पूजन किया गया। इस कार्य के लिए 374.76 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
परियोजना में 3.20 किलोमीटर सड़क, 0.90 किलोमीटर सीसी रोड, 1,200 मीटर नाली, 90 मीटर रिटेनिंग वॉल और 6 एचपीसी पुलियों का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने क्षेत्रवासियों से सेवा संकल्प अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


