वनांचल को बड़ी सौगात: मुड़घुसरी में 1.48 करोड़ की तीन सड़कों का भूमिपूजन, 15.40 किमी मार्ग होंगे बेहतर

वनांचल के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड को बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्राम मुड़घुसरी में 1.48 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली तीन सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 15.40 किलोमीटर है।

भूमिपूजन के तहत मुड़घुसरी-ठाकुरटोला मार्ग 3.30 किमी, ठाकुरटोला-बांटीपथरा मार्ग 4 किमी और सिंघारी-पांडातराई मार्ग 8.40 किमी लंबाई में बनाया जाएगा। इन मार्गों के बेहतर होने से बैगा बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार सहित जरूरी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों का विकास शासन की प्राथमिकता है। सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें ग्रामीणों का जीवन आसान बनाने के साथ क्षेत्र में विकास और आर्थिक गतिविधियों की नई संभावनाओं को भी गति देती हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा बेहतर होने से विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और आम नागरिकों को स्कूल, अस्पताल, बाजार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ग्रामीणों से संवाद कर सुनीं समस्याएं

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, आवश्यक विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण है और शासन विकास कार्यों के माध्यम से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, श्री नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य श्री राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष श्री विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशीराम धुर्वे, श्री संतोष पटेल, श्री मनीराम साहू, श्री भुनेश्वर चंद्राकर, श्री रामकिंकर वर्मा, श्री खिलेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

More Topics

इसे भी पढ़े