छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की संजना साहू, रंजना साहू और निकिता ने अपनी मेहनत और तकनीकी हुनर से नई मिसाल कायम की है। इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रशिक्षण हासिल करने के बाद तीनों बेटियों का चयन फॉक्सकॉन, बेंगलुरु में हुआ है, जहां वे Apple iPhone और अन्य आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की असेंबली करेंगी।
जिला प्रशासन और अंबुजा फाउंडेशन के सहयोग से संचालित मधुरिमा गुरुकुल SEDI, धमतरी में तीनों ने इलेक्ट्रिकल सिस्टम, वायरिंग, मशीन संचालन और औद्योगिक सुरक्षा का प्रशिक्षण लिया। इस प्रशिक्षण ने उन्हें बड़े औद्योगिक संस्थान में काम करने के लिए तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास दिया।
तीनों प्रशिक्षुओं को 20 हजार रुपये प्रतिमाह CTC का रोजगार ऑफर मिला है। उनकी इस उपलब्धि की कलेक्टर और नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता साबित करती है कि बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही प्रशिक्षण और अवसर की है।
मधुरिमा गुरुकुल SEDI के माध्यम से अब तक 100 से अधिक युवा आत्मनिर्भर बन चुके हैं। इस वर्ष 200 और आगामी चरणों में करीब 1,000 युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।


