रायपुर, 15 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में भी अभियान के तहत प्रदेशभर में रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण, जल संरक्षण, डिजिटल साक्षरता सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लेने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
25 सेवा गतिविधियों से जुड़ेंगे नागरिक
अभियान के दौरान नागरिकों को 25 विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ने की योजना है। इनमें रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण, जल संरक्षण और डिजिटल साक्षरता जैसी गतिविधियां शामिल हैं। नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की जाएगी। श्रमदान की फोटो या वीडियो ‘माई भारत’ पोर्टल पर अपलोड करने पर डिजिटल प्रमाण-पत्र दिए जाने की व्यवस्था है।
रायपुर सहित पांच संभागीय मुख्यालयों में विशेष आयोजन
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर के ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्कृति विभाग जिला प्रशासन के समन्वय से इन कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत स्थानीय कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक, नृत्य नाटिका और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इसके अलावा विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय ‘सेवा सेतु’ शिविर तथा ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं
17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में ‘विकसित भारत 2047’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों से जुड़े विषयों पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, प्रदर्शनियां, सेमिनार और सरकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
‘आंगन का उत्सव’ में पोषण और महिला-बाल कल्याण पर जोर
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को दी जाएगी। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके सम्मान के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी सफलता की कहानियां
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियों का संकलन किया जाएगा। इन कहानियों के माध्यम से योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आए बदलाव को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
50 बदलाव वाले स्थानों का दौरा
‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत करीब 50 ऐसे स्थानों का चयन किए जाने की योजना है, जिन्हें आयोजक मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए बदलावों के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करेंगे। इनमें गुजरात और बस्तर के स्थान भी शामिल किए जाने की बात कही गई है। सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी इन स्थानों का दौरा कराने की योजना है।
17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ से समापन
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को बड़े कार्यक्रम के साथ होगा। अंतिम दिन आयोजित होने वाले ‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत से संसद तक के करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। इस दौरान सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की सभी छह कड़ियां गाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश में शासकीय विभागों के साथ नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और स्वैच्छिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है।


