छत्तीसगढ़ में देश का पहला राज्य स्तरीय AI कॉन्क्लेव, शिक्षा के लिए बनेगा AI रोडमैप

स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समग्र शिक्षा के अंतर्गत विद्यालयीन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के समग्र विकास के उद्देश्य से राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय AI Conclave का आयोजन किया गया। विद्यालयीन शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभावी उपयोग की दिशा में पहल करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना है।

‘लाईका चिन्हारी’ ऐप का विमोचन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने शाला त्यागी (ड्रॉपआउट) बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विकसित ‘लाईका चिन्हारी’ ऐप का विमोचन किया। उन्होंने विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री के जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि कॉन्क्लेव से प्राप्त निष्कर्ष शिक्षकों के लिए सहायक साबित होंगे और विद्यार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा देंगे।

AI शिक्षकों का विकल्प नहीं, सहायक साथी

स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलजीत सिंह ने कहा कि तकनीकी युग में AI का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर समन्वय से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में AI महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि AI शिक्षकों का स्थान नहीं लेगा, बल्कि उनके सहायक साथी के रूप में काम करेगा।

आयुक्त, समग्र शिक्षा डॉ. किरण कौशल ने कहा कि AI की मदद से स्मार्ट क्लास और ICT लैब का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा। इससे सरल और सुगम शिक्षा को प्रदेश के अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

देश-विदेश के तकनीकी संस्थानों की सहभागिता

कॉन्क्लेव में गूगल, वाधवानी एआई, अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट, एडोब, खान एकेडमी, फिजिक्स वाला सहित विभिन्न तकनीकी संस्थानों और कंपनियों के विशेषज्ञों ने भाग लिया। इसके अलावा आईआईटी भिलाई, आईआईएम रायपुर, एनआईटी रायपुर और चिप्स के विशेषज्ञों ने भी AI के विभिन्न उपयोगों पर प्रस्तुतियां दीं।

शिक्षा व्यवस्था के लिए तैयार होगा AI रोडमैप

कॉन्क्लेव में प्रस्तुत किए गए नवाचारों और तकनीकी समाधानों का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के लिए व्यापक AI रोडमैप तैयार किया जाएगा। यह रोडमैप शिक्षकों के लिए AI आधारित सहायक संसाधन विकसित करने और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में आधार के रूप में काम करेगा।

More Topics

कवर्धा में गौधन की सुरक्षा को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ली बैठक

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने...

इसे भी पढ़े