नई दिल्ली में भारत और OPEC के बीच सातवीं उच्च स्तरीय बैठक हुई। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और OPEC महासचिव ने बैठक की सह-अध्यक्षता की। इस दौरान तेल बाजार की स्थिरता, भारत की ऊर्जा सुरक्षा और तेल उद्योग में समय पर निवेश को लेकर चर्चा हुई।
मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच दोनों पक्षों ने भरोसेमंद तेल आपूर्ति सुनिश्चित करने और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में अल्पकालिक, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक ऊर्जा बाजार के आउटलुक पर भी चर्चा हुई। हरदीप सिंह पुरी ने तेल उत्पादक और उपभोक्ता देशों के बीच लगातार संवाद की जरूरत बताई।
भारत और OPEC के बीच इंडिया-OPEC एनर्जी डायलॉग की शुरुआत 2015 में नई दिल्ली से हुई थी। इसका उद्देश्य तेल उत्पादक देशों और भारत जैसे बड़े उपभोक्ता देश के बीच नियमित संवाद का मंच उपलब्ध कराना है। बैठक में ऊर्जा क्षेत्र में तकनीकी सहयोग की प्रगति की समीक्षा भी की गई। अब अगली यानी आठवीं उच्च स्तरीय बैठक वियना, ऑस्ट्रिया में आयोजित होगी।


