रक्तदान महाकुंभ में 1000 से अधिक महिलाओं ने बनाया रिकॉर्ड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ और वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर में हिस्सा लिया। उन्होंने आयुर्वेद को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर बताते हुए आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने की बात कही।

रक्तदान महाकुंभ में एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान किया। इस पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। आयोजन के लिए 3600 से अधिक महिलाओं ने पंजीयन कराया था और रक्तदान के लिए 200 बेड की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में करीब 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवाओं में से एक है और रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है। उन्होंने रक्तदान, देहदान और अंगदान के लिए आगे आए नागरिकों की सराहना की।

प्रोजेक्ट दधीचि के तहत कार्यक्रम में 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया, जिनमें पद्मश्री एवं विधायक अनुज शर्मा भी शामिल रहे। अब तक इस प्रोजेक्ट के तहत 103 लोगों द्वारा देहदान का संकल्प लिए जाने की जानकारी दी गई।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी कलेक्शन की पहल भी की गई। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रायपुर में 100 बिस्तरीय नया आयुर्वेदिक अस्पताल तैयार किया जा रहा है और प्रदेश में चार नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

More Topics

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत

ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात...

इसे भी पढ़े