ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात महोबा जा रही स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला समेत 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी और उसमें करीब 35 यात्री सवार थे।
आग लगने के बाद बस में धुआं भर गया और कुछ यात्री बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। बस के शीशे तोड़कर और गैस कटर की मदद से यात्रियों व शवों को बाहर निकाला गया। कुछ मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


