उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और उप मुख्यमंत्री अरुण साव 24 सितंबर को कवर्धा में 4 लेन सड़क एवं डिवाइडर निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 के किलोमीटर 50 से 57 तक करीब 7.8 किलोमीटर सड़क का 54 करोड़ रुपये की लागत से फोर लेन में उन्नयन और डिवाइडर निर्माण किया जाएगा। यह सड़क रायपुर मार्ग से बिलासपुर मार्ग तक चंद्रयान हॉस्पिटल से कवर्धा शहर होते हुए जोराताल के आगे तक बनाई जाएगी।
परियोजना के पूरा होने से शहर में आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। सड़क परियोजना के तहत दो स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे, जिन्हें कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जाएगा। भूमिपूजन समारोह में सांसद संतोष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।


