बलौदाबाजार। जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यक्रमों का बेहतर आयोजन सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी जुटाने के निर्देश दिए।
इस दौरान अंगदान का संकल्प लेने वाले पांच दानदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, फिरतराम साहू, पुष्पा साहू, भाटापारा से वेदराम आनंद और रेशमा बाई शामिल हैं। मंत्री ने सभी को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगामी सभी कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की भी सराहना की।
बैठक में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विद्यालय, ब्लॉक और जिला स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। वहीं ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के सम्मान के साथ गर्भवती माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और खेलकूद गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
‘सेवा की कहानी’ के तहत लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने तथा ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत गांव, शहर, नदी, घाट और तालाबों में जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
‘सेवा सेतु शिविर’ के संबंध में मंत्री ने कहा कि सभी ब्लॉकों में एक-एक चिन्हित गांव में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम मौजूद रहेगी। शिविर में विशेष रूप से मेगा हेल्थ कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य आवेदकों की समस्याओं का तत्काल निराकरण कर उन्हें लाभान्वित करना होना चाहिए।


