नई दिल्ली में कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात सोमवार शाम आस्था कुंज पार्क और मंदिर के आसपास हुई। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, किशोरी अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ शाम करीब 7 बजे कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों करीब 7:30 बजे मंदिर के पास स्थित पार्क की ओर गए। इसी दौरान 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों से पूछताछ करने लगे। आरोप है कि युवकों ने दोनों को धमकाया और इसके बाद किशोरी के दोस्त को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अन्य आरोपियों ने किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। रात करीब 8:45 बजे पुलिस को पार्क से PCR कॉल मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।
POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज
किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस की एक आरोपी से मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी आसिफ के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, जबकि फरार दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।


