दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की। ABVP के उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डबास, सचिव रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव लक्ष्य राज सिंह ने छात्र हितों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कैंपस में छात्र सुरक्षा, बेहतर सुविधाएं, समान अवसर और पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल बनाने पर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
यश डबास ने कहा कि चुनाव परिणाम सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रवाद और छात्र शक्ति के प्रति विद्यार्थियों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने जाति और विभाजनकारी राजनीति से ऊपर उठकर अपना संदेश दिया है।
सचिव रिया छावड़ी ने कहा कि डूसू छात्रों की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर काम करेगा। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा और उनकी चिंताओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
संयुक्त सचिव लक्ष्य राज सिंह ने इस जीत को ABVP कार्यकर्ताओं की एकजुटता और छात्रों के भरोसे का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जीत के साथ छात्रों के लिए हमेशा उपलब्ध रहने की जिम्मेदारी भी बढ़ी है।
ABVP के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि डूसू चुनाव का परिणाम संगठन के काम, विचारधारा और संगठनात्मक प्रतिबद्धता में छात्रों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान गड़बड़ी की कोशिशों के बावजूद ABVP कार्यकर्ता अनुशासित रहे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्ध रहे।


