बॉलीवुड के तमाम बड़े सिंगर्स को जैसे किसी की नजर लग गई है. एक के बाद एक कई सिंगर्स के गंभीर बीमारियों से जूझने की खबरें आ रही हैं. फिलहाल सोनू निगम ने खुलासा किया है कि उनकी गले की नसें दब गई हैं जिनके चलते वे ट्रीटमेंट करा रहे हैं. चलिए यहां जानते हैं कि बॉलीवुड के और कौन कौन से सिंगर्स गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं.
नसों की एक दर्दनाक समस्या से जूझ रहे हैं सोनू निगम
सोनू निगम नसों की एक दर्दनाक समस्या से जूझ रहे हैं. सोमवार को इंस्टाग्राम पर अपनी सेहत के बारे में जानकारी देते हुए सिंगर ने बताया कि पिछले एक हफ़्ते से उनके स्कैन, फिजियोथेरेपी और दवाइयां चल रही हैं.इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में सोनू ने अपने कंधे पर बंधी पट्टी दिखाई और कहा, “मेरी नसें दब गई हैं (पिंच्ड नर्व्स). एक हफ़्ते से मेरे एमआरआई और सीटी स्कैन हो रहे हैं. मैं बहुत सारी दवाइयां ले रहा हूं, फिजियोथेरेपी बहुत दर्दनाक थी. अब मैं पेनकिलर ले रहा हूं.” उन्होंने आगे बताया कि उन्हें मसल रिलैक्सेंट भी दिए गए हैं, जिनसे उनका गला भी भारी हो रहा है.
रेयर सेंसरी नर्व हियरिंग लॉस से जूझ रही हैं अलका याज्ञनिक
प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक का आखिरी प्रोजेक्ट 2024 में ‘अमर सिंह चमकीला’ था, उसके बाद से उन्होंने ज़्यादा सिंगिंग प्रोजेक्ट्स नहीं किए. जून 2024 में, अलका ने इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट लिखकर बताया कि उन्हें सुनने से जुड़ी एक रेयर बीमारी हो गई है. उन्होंने बताया था कि डॉक्टरों ने इसे एक रेयर ‘सेंसरी न्यूरल नर्व हियरिंग लॉस’ बताया है, जो एक वायरल इंफेक्शन की वजह से हुआ है.
हनी सिंह बाइपोलर डिसऑर्डर और साइकोसिस से जूझे
यो यो हनी सिंह का बाइपोलर डिसऑर्डर और साइकोसिस से जूझना एक बहुत मुश्किल दौर था, जिसमें बहुत ज़्यादा मेनिया और पैरानोइया की वजह से उन्होंने खुद को सबसे अलग-थलग कर लिया था. उन्होंने खुद बताया था कि इसके चलते वे मौत की दुआ तक करते थे. बीमारी और नशे की लत के कारण उन्हें गंभीर मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा, हालांकि इसके बाद उन्होंने अपने करियर में ज़बरदस्त वापसी की.
सुनिधि चौहान को वोकल कॉर्ड में हुई थी इंजरी
फेमस प्लेबैक सिंगर सुनिधि चौहान को अपने वर्ल्डवाइड टूर के दौरान फ्लू वायरस की वजह से वोकल कॉर्ड में सीरियस चोट लग गई थी. चोट के बावजूद गाने की कोशिश करने से उनकी हालत और बिगड़ गई थी. दरअसल गले पर ज़ोर पड़ने से सूजन आ गई थी. इस कारण उन्होंने फौरन अपना टूर कैंसिल किया था और गले को पूरी तरह आराम दिया था.


