अब्दू रोजिक ने अपने स्टाइल और पॉजिटिव नेचर से लाखों लोगों का दिल जीता है। लेकिन इस बार अब्दू रोजिक अपनी प्रोफेशनल लाइफ नहीं, बल्कि पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल, अब्दू ने अप्रैल 2024 में एक एमिराती लड़की से सगाई की थी और जल्द ही शादी करने वाले थे। हालांकि, कुछ ही महीनों बाद जुलाई 2024 में उनकी सगाई टूट गई। उस वक्त इस खबर ने फैंस को भी हैरान कर दिया था।
आखिर क्यों टूटी अब्दू रोजिक की सगाई?
हाल ही में एक पॉडकास्ट में अब्दू रोजिक ने पहली बार खुलकर बताया कि उनकी सगाई टूटने की असली वजह क्या थी। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और लोगों के तानों ने उनकी मंगेतर को बुरी तरह परेशान कर दिया था।
लोगों ने हाइट को लेकर बहुत बातें कीं
अब्दू रोजिक ने बताया कि लोगों ने उनकी एक्स-मंगेतर को लगातार मैसेज किए और कई तरह के सवाल पूछे। उन्होंने कहा, “मेरी सगाई हुई थी और हम शादी करने वाले थे। लेकिन जैसा कि मैं हमेशा कहता हूं, मेरे बहुत दुश्मन हैं। लोगों ने हमारी जिंदगी में बहुत दखलअंदाजी की।
मुझे नहीं पता कि लोगों को उसका नंबर कैसे मिल गया। वो उसे मैसेज करने लगे कि वो हाइट में बहुत छोटा है, तुम उससे शादी कैसे करोगी? तुम दोनों चीजें कैसे मैनेज करोगे? इस तरह की बहुत बातें कही गईं।” अब्दू ने बताया कि उनकी मंगेतर से ऐसे सवाल पूछे गए, जिनसे वह काफी परेशान हो गई थीं।
अब्दू ने कहा, वो ये सब सह नहीं पाई
अब्दू रोजिक ने आगे बताया कि लगातार मिल रहे ताने और बातें उनकी मंगेतर बर्दाश्त नहीं कर पाईं। उन्होंने कहा, “इतनी सारी बातें सुनकर वो खुद को संभाल नहीं पाई। आखिर में उसने मुझसे कहा कि मैं माफी चाहती हूं। मुझे पता है कि तुम बहुत स्ट्रॉन्ग हो और ये सब झेल सकते हो, लेकिन मैं इतना नहीं सह सकती।” अब्दू ने बताया कि उन्होंने भी इस फैसले को समझा और बिना किसी लड़ाई-झगड़े के रिश्ते को खत्म कर दिया।


