रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल द्वारा तुमकला गांव में “प्रोजेक्ट सम्पोषण” का आयोजन

पूरब टाइम्स भिलाई। समाज में कुपोषण एवं एनीमिया जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल ने तुमकला गांव में “प्रोजेक्ट सम्पोषण” का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गांव के 35 चिन्हित कुपोषित बच्चों को एक माह की पौष्टिक आहार सामग्री से युक्त “रोटरी आहारपैक” वितरित किए गए। इन पैकेटों में बच्चों के समुचित पोषण को ध्यान में रखते हुए आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल की गई, ताकि उनके स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार हो सके।

इसके साथ ही गांव की महिलाओं के लिए एनीमिया जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 52 से अधिक महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच की गई। जांच के उपरांत आवश्यकता अनुसार उन्हें आयरन एवं प्रोटीन सप्लीमेंट तथा आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही संतुलित आहार, पोषण एवं एनीमिया से बचाव के संबंध में स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल की अध्यक्ष रोटेरियन स्नेहा गुलाटी ने कहा, “स्वस्थ समाज की शुरुआत स्वस्थ बच्चों और स्वस्थ माताओं से होती है। ‘प्रोजेक्ट सम्पोषण’ के माध्यम से हमारा उद्देश्य केवल पोषण सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि कुपोषण और एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाकर समाज में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन लाना है।”

तुमकला गांव इस अभियान का पहला पड़ाव है। रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल ने संकल्प लिया है कि प्रोजेक्ट सम्पोषण के अंतर्गत प्रत्येक माह एक नए गांव का चयन कर वहां कुपोषित बच्चों को पोषण सहायता, महिलाओं की एनीमिया जांच, स्वास्थ्य परामर्श तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इस सतत अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना, कुपोषण एवं एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देना है।

प्रोजेक्ट सम्पोषण रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल की एक प्रमुख सेवा परियोजना है, जो सेवा, संवेदनशीलता और सतत सामुदायिक विकास के माध्यम से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए समर्पित है।

More Topics

स्वाभिमान और उद्यमशीलता की मिसाल है सिंधी समाज-राज्यपाल रमेन डेका

पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित ‘मुखी संवाद’ कार्यक्रम...

इसे भी पढ़े