युवा शक्ति विकसित भारत और छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे अभियानों को जनआंदोलन बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, शासकीय सेवा, स्टार्टअप, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में करीब 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है, जबकि बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में स्थानीय युवाओं के रोजगार को प्राथमिकता दी गई है। पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश को 8.25 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वहीं, नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक 5 हजार स्टार्टअप को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके तहत प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और प्रदेश के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, परिश्रम, नवाचार एवं सेवा भावना इस यात्रा की बड़ी ताकत बनेगी। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया।

More Topics

इसे भी पढ़े