महासमुंद। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने महासमुंद प्रवास के दौरान कलेक्टर कार्यालय में जिले के पैरा खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राजीव पांडे अवॉर्ड वर्ष 2025-26 के लिए चयनित खिलाड़ी लक्की यादव को बधाई देते हुए सम्मानित किया।
जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ महासमुंद के अध्यक्ष निरंजन साहू ने दिव्यांग एवं सामान्य खिलाड़ियों के लिए समावेशी खेल अकादमी के संचालन की मांग को लेकर मंत्री श्री साव को ज्ञापन सौंपा। इसमें खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, पोषण, आहार व्यवस्था और तकनीकी प्रशिक्षण सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की मांग रखी गई। उप मुख्यमंत्री ने मांगों को पूरा करने के लिए आश्वासन दिया।
इसके बाद श्री अरुण साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल किट वितरित कर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
वर्तमान में खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग में करीब 60 खिलाड़ी नियमित रूप से तीरंदाजी का अभ्यास कर रहे हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर रवि साहू, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, एकलव्य विद्यालय भोरिंग के प्राचार्य महेंद्र टंडन, एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, व्यायाम शिक्षक नीलम साहू सहित अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।


