छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करेगा। पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होटल, टूर ऑपरेटर, जिले, स्टार्टअप, रिसॉर्ट, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को इन पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष कुल 10 श्रेणियों में एक-एक पुरस्कार दिया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
इन 10 श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार
- सर्वश्रेष्ठ होटल
- सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
- सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
- सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
- CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
- CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
- सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
- सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
- सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
- सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड
पर्यटन क्षेत्र में नवाचार, बेहतर सेवाएं, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन और डिजिटल प्रचार जैसे पहलुओं को पुरस्कारों के मूल्यांकन में महत्व दिया जाएगा। सोशल मीडिया श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा।
इको-टूरिज्म श्रेणी में नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं एडवेंचर टूरिज्म श्रेणी में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण साहसिक अनुभव, नए एडवेंचर प्रोडक्ट और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले संचालकों का चयन किया जाएगा।
15 सितंबर तक भेज सकेंगे आवेदन
इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन क्षेत्र के हितधारक अपना आवेदन it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता और मानदंडों के आधार पर राज्य पर्यटन विभाग/निर्णायक समिति द्वारा किया जाएगा।


