विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने किया वृहद वृक्षारोपण, पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प
रायपुर। वन महोत्सव के अवसर पर जशपुर वनमण्डल में संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। वन परिक्षेत्र पत्थलगांव, बगीचा और कांसाबेल में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, वन सुरक्षा समितियों, स्व-सहायता समूहों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया।
शासकीय प्रताप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (पत्थलगांव), बालक आश्रम बिमड़ा (बगीचा) तथा आंगनबाड़ी केन्द्र लमडांड एवं प्राथमिक स्कूल केन्दुटोला (कांसाबेल) में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान छायादार, फलदार एवं स्थानीय जलवायु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर अतिथियों और वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवन चक्र का आधार हैं। जलवायु परिवर्तन, पर्यावरणीय संकट और जैव विविधता संरक्षण जैसी चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि श्एक पेड़ माँ के नामश् अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि मातृत्व के सम्मान, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और भावी पीढि़यों के सुरक्षित भविष्य का जनआंदोलन है।


