स्वीकृत कार्यों के जल्द निविदा कर काम शुरू करने के निर्देश, बरसात से पहले पेच रिपेयर पूरा करने कहा
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज अपने जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास के दौरान सड़कों और भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जांजगीर विश्राम गृह में हुई बैठक में अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों के जल्द निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात से पहले सड़कों में पेच रिपेयर का काम पूरा करने को कहा।
उन्होंने ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का परीक्षण कर हर महीने भुगतान करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी भी बैठक में मौजूद थे।
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने बैठक में सक्ती के नया जिला बन जाने के बाद काम की सहूलियत और प्रशासनिक कसावट की दृष्टि से विभाग के पुराने संभागों का पुनर्गठन कर जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले में दो-दो संभाग रखने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 और पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार कर 31 जुलाई तक प्राक्कलन भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने समय-सीमा से पीछे चल रहे कार्यों की जानकारी लेकर उनके कार्यों में तेजी लाने को कहा।।


