प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया देशव्यापी अभियान का शुभारंभ, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
रायपुर। नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर आज रायपुर स्थित लोक भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न युवा संगठनों के सदस्यों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने सभी युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।


