रायपुर, रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में भाई-बहन के स्नेह और शहादत के सम्मान से जुड़ा एक भावुक पल देखने को मिला। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कलाई पर राखी बांधी।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय भावुक हो उठे। उन्होंने कहा, “मेरी कोई सगी बहन नहीं है। हम लोग भाई ही भाई हैं। आज माधुरी जी ने मेरी कलाई पर राखी बांधी है। मुझे सगी बहन से भी बढ़कर बहन मिली है।”
मुख्यमंत्री के इन शब्दों से कार्यक्रम का माहौल भावुक हो गया। मुख्यमंत्री साय ने माधुरी वर्मा को भरोसा दिलाया कि शहीद युगल किशोर वर्मा का परिवार अब उनका अपना परिवार है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवार कभी अकेले नहीं हैं और उनके सुख-दुःख, सम्मान तथा भविष्य की चिंता करना सरकार के साथ-साथ समाज का भी आत्मीय कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज माधुरी वर्मा ने उन्हें राखी बांधी है, इसलिए एक भाई के रूप में उनके परिवार के प्रति उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। उन्होंने शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपने वीर जवानों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि जवानों ने अपना आज इसलिए न्योछावर किया, ताकि छत्तीसगढ़ की आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित रह सके।


