भिलाई के नेहरू नगर में हुई हाई-प्रोफाइल दिन-दहाड़े चोरी के अंतरराज्यीय मास्टरमाइंड मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान को दुर्ग पुलिस ने दिल्ली से बेहद फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया है। घनी आबादी और संकरी गलियों वाले इलाकों में छिपे इस शातिर आरोपी को दबोचने के लिए दुर्ग पुलिस की टीम ने दिल्ली में 15 दिनों तक डेरा डाला और भेष बदलकर जासूसी की। पुलिस को सूचना मिली कि नासिर चोरी के पैसों से खरीदी गई अपनी किया सेल्टोस कार से दिल्ली से दरभंगा , बिहार भागने की फिराक में है।
आरोपी यमुना एक्सप्रेस-वे पर 150 से 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से कार भगा रहा था। दुर्ग पुलिस की टीम ने हार नहीं मानी और 300 किलोमीटर तक लगातार पीछा करने के बाद उत्तर प्रदेश के इटावा ,आगरा रोड के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। सभी जगह पुलिस की इस मुस्तैदी की तारीफ़ हो रही है .


