छत्तीसगढ़ को दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन बाजार से जोड़ने और राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने चेन्नई में “छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो” का आयोजन किया। फिक्की के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटर शामिल हुए।
रोड शो के दौरान बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों में छत्तीसगढ़ और चेन्नई के पर्यटन कारोबारियों के बीच सीधा संवाद हुआ। इसमें पर्यटक समूहों को छत्तीसगढ़ भ्रमण के लिए भेजने, पर्यटन उत्पादों के प्रचार और भविष्य में कारोबारी साझेदारी बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे मौजूद रहे। श्री चौबे ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और निवेश की संभावनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।
इस रोड शो की खास उपलब्धि यह रही कि पहली बार छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और संभावनाओं का तमिल भाषा में प्रस्तुतीकरण किया गया। इससे चेन्नई के स्थानीय पर्यटन कारोबारियों और संभावित पर्यटकों के साथ बेहतर जुड़ाव बनाने की पहल की गई।
कार्यक्रम में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय, फिक्की और तमिलनाडु पर्यटन विभाग के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। चेन्नई में पदस्थ छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी के.सी. देवासेनापति और एलेक्स पॉल मेनन भी विशेष रूप से शामिल हुए और छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव तथा राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर विचार साझा किए।
रोड शो के माध्यम से छत्तीसगढ़ को दक्षिण भारतीय पर्यटन बाजार में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ पर्यटकों के आवागमन और व्यावसायिक सहयोग के नए अवसर विकसित करने पर जोर दिया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के बीच पर्यटन क्षेत्र में व्यावसायिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


