जशपुर को सड़क विकास की बड़ी सौगात, खरकट्टा-कोडेकेला मार्ग के निर्माण के लिए 6.30 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और नेतृत्व में जशपुर जिले के ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल खरकट्टा से कोडेकेला पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 6 करोड़ 30 लाख 81 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वीकृत परियोजना के तहत 6.20 किलोमीटर लंबी सड़क का पुल-पुलिया सहित निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और क्षेत्रवासियों को पूरे वर्ष सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। खासतौर पर बारिश के मौसम में जलभराव और मार्ग बाधित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

खरकट्टा-कोडेकेला मार्ग के निर्माण से किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। विद्यार्थियों के लिए स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थानों तक पहुंच आसान होगी, जबकि मरीजों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य केंद्रों तक आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय व्यापार और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों तक मजबूत सड़क नेटवर्क पहुंचाने को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़कें केवल गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और व्यापार जैसी आवश्यक सुविधाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान होती है। मजबूत सड़क संपर्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ क्षेत्र के विकास की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।

खरकट्टा से कोडेकेला मार्ग के निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण से लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या दूर होगी और क्षेत्र में विकास, कृषि, व्यापार, शिक्षा तथा रोजगार की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

More Topics

इसे भी पढ़े