दुर्ग। जिला पुलिस ने ‘जमीन में गड़े हुए खजाने’ की झूठी कहानी सुनाकर लोगों को आधे दाम पर नकली सोना बेचने वाले अंतरजिला गिरोह के 5 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम वजन के सोने जैसे दिखने वाले मेटल के बिस्किट और नकली सिक्के बरामद किए गए हैं।
आरोपी घूम घूम कर लोगों से कहते थे कि उन्हें जमीन की खुदाई या किसी ‘हंडे’ में दबा हुआ पुराना खजाना मिला है। वे मजबूरी का नाटक कर बाजार भाव से आधी कीमत पर सोना बेचने का झांसा देते थे, जिससे लोग ज्यादा मुनाफे के लालच में फंस जाते थे।लोगों को जाल में फंसाने के लिए ये बकायदा सोने की शुद्धता से जुड़े नकली कागजात और रिपोर्ट भी दिखाते थे। एक पीड़ित की शिकायत पर थाना उतई पुलिस ने जाल बिछाकर घेराबंदी की और कार सवार पांचों आरोपियों को धर दबोचा।


