रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल के बाद कांग्रेस ने खम्हारडीह थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में गुरुवार शाम 6 बजे से धरना जारी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्री और विधायकों ने पत्थरबाजी के लिए उकसाया, लेकिन उनके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर काउंटर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
दीपक बैज ने कहा कि पुलिस केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक भाजपा नेताओं पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरने में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रातभर वहीं डटे रहने की तैयारी की। इसके लिए टेंट, दरी, कालीन और अन्य जरूरी सामान भी मंगवाया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निष्पक्ष कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


