सोशल मीडिया सेंसेशन ओरी और जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी के बीच की जंग एक बार फिर तेज हो गई है। ओरी ने हाल ही में ध्रुव राठी को सीधे तौर पर देश विरोधी कह दिया है और साफ किया कि उन्हें यह इंसान रत्ती भर भी पसंद नहीं है। एक पॉडकास्ट में ओरी ने ध्रुव के वीडियो और उनके मुद्दों पर खुलकर निशाना साधा। इसके साथ ही, उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी एक खास इच्छा भी शेयर की।
ओरी को क्यों पसंद नहीं हैं ध्रुव राठी?
‘KK Creates’ पॉडकास्ट में बात करते हुए ओरी ने ध्रुव राठी के काम करने के तरीके पर बड़े सवाल उठाए। ओरी ने कहा कि ध्रुव अपनी मर्जी और फायदे के हिसाब से उन मुद्दों को चुनते हैं, जो उनकी सोच या एजेंडे में फिट बैठते हैं। उन्होंने कहा, “वह कभी-कभी बहुत अजीब बातें करते हैं जिनका कोई सिर-पैर नहीं होता। जिन जरूरी मुद्दों पर उन्हें बोलना चाहिए, उन पर वह चुप रहते हैं। मुझे बस वह इंसान पसंद नहीं है।” ओरी ने यह भी बताया कि वह ध्रुव राठी को चिढ़ाने के लिए ‘ध्रुव ट***’ निकनेम से बुलाते हैं।
पीएम मोदी के साथ ओरी का ड्रीम पोज
इसी पॉडकास्ट के दौरान ओरी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी अपनी एक बड़ी ख्वाहिश फैंस के साथ शेयर की। सोशल मीडिया पर अपने अनोखे फोटो पोज के लिए मशहूर ओरी ने कहा कि उनका एक बड़ा सपना है कि वह पीएम मोदी के साथ अपने उसी सिग्नेचर पोज में एक फोटो क्लिक करवाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह लाइफ में कभी न कभी यह जरूर करेंगे।
कहां से शुरू हुआ था दोनों का विवाद?
दोनों के बीच यह लड़ाई नई नहीं है। विवाद की शुरुआत दिसंबर 2025 में हुई थी, जब ध्रुव राठी ने ‘द फेक ब्यूटी ऑफ बॉलीवुड सेलिब्रिटीज’ नाम से एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो में ध्रुव ने उन बॉलीवुड एक्ट्रेसेस पर सवाल उठाए थे जिन्होंने कथित तौर पर कॉस्मेटिक सर्जरी या ब्यूटी ट्रीटमेंट करवाए हैं। वीडियो के थंबनेल पर ओरी की बेस्ट फ्रेंड और एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर की तस्वीर लगी थी। इसके अलावा वीडियो में प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण और काजोल जैसी बड़ी स्टार्स का भी जिक्र था।


