छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशानुसार प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में 16 जून 2026 से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ‘शाला प्रवेश उत्सव’ धूमधाम से मनाया जाएगा। भीषण गर्मी को देखते हुए छुट्टियां बढ़ने की सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को खारिज करते हुए शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि स्कूल अपने तय समय यानी 16 जून से ही खुलेंगे।
मरम्मत, रंग रोगन के अलावा क्लासरूम और परिसर को बच्चों के लिए आकर्षक बनाने के लिए दीवारों पर ज्ञानवर्धक चित्रकारी कर ‘प्रिंट-रिच’ माहौल तैयार किया गया है। नए सत्र के पहले ही दिन यानी 16 जून को स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल आने वाले नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और फूल-मालाओं से पारंपरिक स्वागत किया जाएगा।


