चक्रधर समारोह के समापन पर रायगढ़ को कई बड़ी सौगातें, 2 करोड़ से बनेगा कंटेंट क्रिएटर्स स्टूडियो

अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने महाराजा चक्रधर सिंह की कला साधना और योगदान को नमन करते हुए कहा कि चक्रधर समारोह ने रायगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है।

वित्त मंत्री ने रायगढ़ में कला एवं संगीत महाविद्यालय की स्थापना, अगले पांच वर्षों में 10 नए ऑक्सीजन गार्डन विकसित करने सहित कई विकास कार्यों का रोडमैप सामने रखा। खर्रा घाट में करीब पांच एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजन गार्डन विकसित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ में 2 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कंटेंट क्रिएटर्स स्टूडियो बनाया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को आधुनिक संसाधन और रचनात्मक मंच उपलब्ध होगा।

रायगढ़ के समग्र विकास के लिए राजू नगर में डेयरी, गजमार पहाड़ और नगर वन का विकास, खेल सुविधाओं का विस्तार, मरीन ड्राइव, सड़कों का चौड़ीकरण और रिंग रोड सहित विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। कयाघाट, केवड़ावाड़ी, राजा महल और गोवर्धनपुर में पुल निर्माण से शहर की कनेक्टिविटी मजबूत होने की बात भी कही गई।

समापन समारोह में कलाकार आयुष नामदेव एवं उनके बैंड का सम्मान किया गया। नारायणपुर से आए पुनर्वासित कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए 51 हजार रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

More Topics

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत

ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात...

इसे भी पढ़े