नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस साल दिसंबर में अमेरिका दौरे पर जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी फ्लोरिडा के मियामी में आयोजित होने वाले G20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं। इस सम्मेलन की मेजबानी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप करेंगे। G20 शिखर सम्मेलन 14 और 15 दिसंबर को ट्रंप नेशनल डोरल मियामी रिजॉर्ट में आयोजित किया जाना है।
यदि प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा तय होती है, तो G20 सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक भी हो सकती है। हालांकि, भारत सरकार की ओर से अभी इस यात्रा को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
मोदी और ट्रंप के बीच संभावित बैठक ऐसे समय में हो सकती है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और तकनीक समेत कई क्षेत्रों में बातचीत जारी है। रूस से तेल खरीद को लेकर भारत पर अमेरिकी टैरिफ नीति भी दोनों देशों के बीच चर्चा का एक अहम मुद्दा है।
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने हाल ही में कहा था कि G20 सम्मेलन के दौरान ट्रंप जिन नेताओं से मुलाकात करना चाहेंगे, उनमें प्रधानमंत्री मोदी प्राथमिकता वाले नेताओं में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि मोदी की संभावित अमेरिका यात्रा केवल G20 सम्मेलन तक सीमित नहीं रह सकती।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की पिछली मुलाकात जून में फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी समेत भारत-अमेरिका सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी।
G20 सम्मेलन के दौरान भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के बीच क्वाड बैठक की संभावना पर भी चर्चा हो रही है। वहीं, दिसंबर में प्रधानमंत्री मोदी की कनाडा यात्रा की संभावना की भी खबरें सामने आई हैं। भारत और कनाडा के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को लेकर बातचीत जारी है।


