इकॉन-2026 में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री, बोले- इवेंट मैनेजमेंट और पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश में अपार संभावनाएं
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज रायपुर में आयोजित ‘इकॉन-2026’ इवेंट एंड एंटरटेनमेंट कॉन्क्लेव में शामिल हुए। उन्होंने देशभर से आए इवेंट मैनेजर्स का स्वागत करते हुए कहा कि इवेंट मैनेजमेंट आज एक बड़े उद्योग के रूप में उभर रहा है। यह कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों में अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश की नई औद्योगिक नीति में पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ मैरिज डेस्टिनेशन के रूप में भी तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के प्रयासों से प्रदेश को इसका बड़ा लाभ मिल सकता है।
उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आए इवेंट मैनेजर्स और मेहमानों से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की यात्रा कर यहां की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की संभावनाओं को करीब से जानें। छत्तीसगढ़ में बहुत कुछ है, जिसे देश और दुनिया तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
श्री साव ने कहा कि कॉन्क्लेव में सभी प्रतिभागी अपने अनुभव साझा करें और नए अवसरों पर मिलकर काम करें। इवेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में नवाचार से प्रदेश में पर्यटन के साथ-साथ आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।


