बालों को स्वस्थ और खूबसूरत बनाए रखने के लिए लोग महंगे शैंपू, हेयर सीरम और तरह-तरह के हेयर ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं। लेकिन एक ऐसी चीज है, जिस पर अक्सर किसी का ध्यान नहीं जाता वह है कंघी या हेयरब्रश। अगर आप अपने बालों की अच्छी तरह देखभाल करते हैं, लेकिन महीनों तक अपनी कंघी साफ नहीं करते, तो आपकी सारी मेहनत बेकार हो सकती है।
क्यों गंदा हो जाता है हेयरब्रश?
अक्सर लोगों को लगता है कि कंघी में सिर्फ टूटे हुए बाल ही जमा होते हैं, लेकिन वास्तव में इसमें इससे कहीं ज्यादा गंदगी इकट्ठा होती है। स्कैल्प से निकलने वाला प्राकृतिक तेल, धूल-मिट्टी, पसीना, डैंड्रफ और हेयर प्रोडक्ट्स के अवशेष धीरे-धीरे ब्रश में जमा होते रहते हैं। जब आप उसी गंदे ब्रश का दोबारा इस्तेमाल करते हैं, तो यह सारी गंदगी फिर से आपके साफ बालों और स्कैल्प पर पहुंच जाती है।
गंदी कंघी से बाल बनाने के नुकसान
अगर लंबे समय तक हेयरब्रश साफ न किया जाए, तो इसके कई नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकते हैं। बाल जल्दी ऑयली और चिपचिपे लगने लगते हैं। स्कैल्प में खुजली और जलन की समस्या हो सकती है। डैंड्रफ बढ़ने का खतरा रहता है। बाल बेजान और भारी महसूस हो सकते हैं। फंगस और बैक्टीरिया पनपने की संभावना बढ़ जाती है। कुछ मामलों में स्कैल्प इंफेक्शन का जोखिम भी बढ़ सकता है।
कितने दिन में साफ करनी चाहिए कंघी?
हेयर एक्सपर्ट्स का मानना है कि सप्ताह में कम से कम एक बार हेयरब्रश की सफाई जरूर करनी चाहिए। हालांकि यह आपके बालों की स्थिति और इस्तेमाल होने वाले हेयर प्रोडक्ट्स पर भी निर्भर करता है। अगर आपके बाल ज्यादा ऑयली हैं, बाल झड़ते हैं या आप नियमित रूप से हेयर स्प्रे, जेल या सीरम का इस्तेमाल करते हैं, तो हर हफ्ते ब्रश साफ करना बेहतर रहेगा। वहीं, जिन लोगों के बाल सामान्य और स्वस्थ हैं, वे हर दो सप्ताह या महीने में एक बार भी कंघी साफ कर सकते हैं।
हेयरब्रश साफ करने का सही तरीका
कंघी या हेयरब्रश को साफ करना बेहद आसान है। सबसे पहले ब्रश में फंसे सभी बाल निकाल लें। इसके बाद एक बर्तन में गुनगुना पानी लें और उसमें हल्का साबुन या शैंपू मिला दें। ब्रश को 10 से 15 मिनट तक इस पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद किसी पुराने टूथब्रश की मदद से ब्रश के बीच जमी गंदगी को साफ करें। अच्छी तरह धोने के बाद इसे हवा में सूखने के लिए छोड़ दें। ध्यान रखें कि सूखाते समय ब्रश के दांत या ब्रिसल्स नीचे की ओर रहें।


