सुबह की जल्दी, दिनभर का काम और फिर शाम तक की थकान के बाद किसी का भी मन घंटों किचन में खड़े होकर खाना बनाने का नहीं करता। ऐसे में हमें वही रेसिपी पसंद आती है जो जल्दी बन जाए, स्वादिष्ट हो और पेट भी अच्छे से भर दे, तो ये मसालेदार और चीजी पनीर सैंडविच आपके लिए एकदम परफेक्ट है। सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में सिर्फ 15-20 मिनट लगते हैं और आप इसे ब्रेकफास्ट, लंच या शाम की भूख में कभी भी बिना गिल्ट के खा सकते हैं।
मसालेदार और चीजी पनीर सैंडविच बनाने के लिए क्या चाहिए?
- 2 चीज स्लाइस
- 1 बड़ा चम्मच शेजवान सॉस
- नमक स्वादानुसार
- काली मिर्च स्वादानुसार
- 1 बड़ा चम्मच ताजी क्रीम
- 1/4 कप पानी
- 50 ग्राम पनीर
- 4 टोस्टेड ब्रेड स्लाइस
- 1 छोटा चम्मच ताजा हरा धनिया
सबसे पहले एक पैन लें और उसमें चीज स्लाइस, शेजवान सॉस, नमक, काली मिर्च, ताजी क्रीम और 1/4 कप पानी डाल दें। अब गैस ऑन करें और सारी चीजों को अच्छे से मिलाते रहें, ताकि एक स्मूद और क्रीमी सॉस तैयार हो जाए। इसके बाद पनीर के छोटे टुकड़े डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं। जब सॉस थोड़ा गाढ़ा हो जाए और पनीर पर अच्छी तरह कोट हो जाए, तब ऊपर से ताजा हरा धनिया डाल दें।
अब इस मसालेदार पनीर मिक्चर को टोस्टेड ब्रेड की दो स्लाइस के बीच अच्छे से फैलाएं। चाहें तो इसे हल्का सा ग्रिल भी कर सकते हैं। बस तैयार है आपका गर्मागर्म, चीजी और मसालेदार पनीर सैंडविच। यकीन मानिए, एक बार खाने के बाद ये आपकी फेवरेट झटपट रेसिपी बन जाएगी।


