अधिकतर लोग ऐसे उपाय तलाशते हैं, जिसमें कम मेहनत के जल्दी बैली फैट को कम किया जा सके, लेकिन ऐसे उपाय सेहत पर भी असर डाल सकते हैं। योगासन पेट की चर्बी कम करने का बेहतरीन विकल्प है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ योगासनों के अभ्यास से लटके हुए पेट को घटा कर इस समस्या से निजात पाया जा सकता है। आइए जानते हैं पेट की चर्बी कम करने के लिए कारगर योगासन।
प्लैंक पोज: इस आसन को फलकासन कहते हैं। प्लैंक पोज के अभ्यास से पेट की चर्बी कम करने में मदद मिलती है। प्लैंक योगासन के अभ्यास करने कैलोरी बर्न होती है और कोर स्ट्रेंथ, शरीर में लचीलापन व मेटाबाॅलिज्म में सुधार होता है।
प्लैंक योगासन करने का तरीका:
इस आसन के अभ्यास के लिए उत्तानासन की स्थिति में आते हुए दाएं और बाएं पैर को पीछे की तरफ ले जाएं। हथेलियों पर शरीर को उठाते हुए पंजों पर पूरा भार दें। शरीर को सीधा रखते हुए करीब 40 से 60 सेकेंड तक इसी स्थिति में रहें। बाद में घुटनों को मोड़ते हुए जमीन पर रख दें और कुछ देर आराम करें।
भुजंगासन: पेट की चर्बी कम करने या वजन घटाने के लिए भुजंगासन का अभ्यास किया जा सकता है। इस आसन के अभ्यास से पेट की मांसपेशियां मजबूत होती हैं, जिससे पेट के आसपास की चर्बी आसानी से कम होती है। सर्वाइकल की शिकायत व रीढ़ की हड्डी की समस्या में सुधार होता है।
भुजंगासन करने का तरीका: पेट के बल लेटकर हथेलियों को कंधों के नीचे रखते हुए गहरी सांस लें और शरीर के ऊपरी हिस्से को ऊपर की ओर उठाएं। करीब 10 से 20 सेकंड्स तक इसी स्थिति में रहते हुए बाद में सामान्य पोजीशन में आ जाएं।


