योगासनों के कई लाभ हैं। कुछ योगासन है जो तनाव कम करते हैं, इनके नियमित अभ्यास से अच्छी नींद आती है, मन शांत रहता है एकाग्रता बढ़ती है, ऊर्जा का स्तर बढ़ता है और इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। हर उम्र के लोगों को इन योगासनों का अभ्यास करना चाहिए। हालांकि योग के संपूर्ण लाभ के लिए अभ्यास सही तरीके से किया जाना जरूरी है। ध्यान रखें कि योग सुबह खाली पेट करें। धीमी और गहरी सांसों के साथ अभ्यास करें। साथ ही योगाभ्यास के लिए किसी प्रशिक्षित योग गुरु से मार्गदर्शन लेना बेहतर होता है।
शवासन :
यह योगासन शरीर और मन दोनों को पूरी तरह से विश्राम देता है। इसे करते समय शरीर को स्थिर और ढीला छोड़ना होता है। यह मन को शांत कर बेचैनी, चिंता और थकान को दूर करता है। शवासन के अभ्यास के लिए पीठ के बल लेटकर आंखें बंद करें। फिर हाथ-पैर फैला लें और धीरे-धीरे गहरी सांस लें।
अनुलोम-विलोम प्राणायाम :
यह प्राणायाम तनाव कम करने और मन को स्थिर करने के लिए बेहद कारगर है। अनुलोम विलोम के नियमित अभ्यास से नाड़ी शुद्धि होती है और मानसिक स्पष्टता बढ़ती है। इसके अभ्यास के लिए दाहिने नथुने को अंगूठे से बंद कर बाएं नथुने से सांस लें, फिर बाएं नथुने को बंद कर दाहिने से सांस छोड़ें। यही प्रक्रिया उलटकर दोहराएं।
बालासन :
बालासन आरामदायक योग मुद्रा है जो शरीर को शांति और सुकून देती है। इसका नियमित अभ्यास पीठ, कंधे और गर्दन के तनाव को दूर करता है। बालासन करने के लिए वज्रासन में बैठकर आगे झुकें और माथा जमीन से लगाएं, हाथ आगे की ओर फैलाएं।


