’ग्राम पंचायत चोढा में सुशासन शिविर का किया गया आयोजन’
रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत कोरबा जिले के ग्राम पंचायत चोढा में कल बहुउद्देशीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक कटघोरा प्रेमचन्द्र पटेल द्वारा किया गया। विशेष अतिथि के रूप में अध्यक्ष जनपद पंचायत पाली पूर्णिमा शोभा सिंह जगत तथा जनपद सदस्य
अंजली कौशल श्रीवास और गंगोत्री चन्द्रपाल मरार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत चोढा की सरपंच सुनीता करपे ने की। इसके साथ ही मुरली, बोईदा, अण्डीकछार, रामपुर, उतरदा और नेवसा पंचायतों के सरपंच भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा शाकाम्भरी योजना के अंतर्गत हितग्राही किताब घासीराम को डीजल पंप उपलब्ध कराया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सात हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए।
समाज कल्याण विभाग ने छह हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश और एक हितग्राही को श्रवण यंत्र प्रदान किया। राजस्व विभाग द्वारा छह हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब और चार हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र की पर्ची प्रदान की गई।


