रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर दौरे पर हैं। वे छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिंगापुर पहुंचे हैं। यहां वे उद्योगपतियों और निवेशकों से चर्चा कर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। सिंगापुर पहुंचने पर उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित पहले SING फोरम 2026 में शामिल होंगे। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री CEO राउंडटेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। बैठक में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को लेकर बातचीत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है।
साय के इस दौरे का उद्देश्य वैश्विक निवेशकों को छत्तीसगढ़ की संभावनाओं से अवगत कराना और प्रदेश में नए औद्योगिक निवेश को आकर्षित करना है।


