यूक्रेन। यूक्रेन के सूमी में भारतीय जड़ों वाली कुसुम ग्रुप की दवा कंपनी के प्लांट पर रूसी ड्रोन हमला हुआ है। हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हमले में प्लांट की मुख्य इमारत का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है। कंपनी को करीब 400 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है। हमले के बाद सामने आए वीडियो में घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।
2009 में सूमी में शुरू हुआ था प्लांट
कुसुम ग्रुप का सूमी स्थित प्लांट रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भी संचालित होता रहा। कंपनी ने 2007 में भारत में अपना पहला दवा निर्माण संयंत्र शुरू किया था। इसके बाद 2009 में यूक्रेन के सूमी में प्लांट खोला गया।
कुसुम ग्रुप की शुरुआत 1994 में भारत में बनी दवाओं को यूक्रेन भेजने और उनके वितरण से हुई थी। बाद में कंपनी ने अपने ब्रांड की दवाओं की बिक्री शुरू की और दवा निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा।
कंपनी 50 से अधिक दवाओं का निर्माण करती है और अपने उत्पादों को नौ से अधिक देशों में बेचती है। कुसुम ग्रुप खुद को भारतीय जड़ों वाली यूक्रेनी कंपनी बताता है।


