उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, एकाग्रता, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव की पहचान खेल नगरी के रूप में है। यहां की खेल प्रतिभाओं ने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने संजू देवी, गीता यादव, मधु सिदार और ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य सरकार के प्रायोजन में हॉकी लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक किया जाएगा। इसके लिए करीब 400 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। चयन प्रक्रिया के बाद छह टीमें गठित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। खेलो इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम के दौरान वड़नगर से वाराणसी तक निकली सेवा संकल्प यात्रा के राजनांदगांव पहुंचने पर बाइकर्स का स्वागत किया गया। सांसद संतोष पाण्डेय ने यात्रा को सेवा, आस्था और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा बताते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद राजेश शुक्ला, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, महापौर मधुसूदन यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और युवा उपस्थित रहे।


