रायपुर, छत्तीसगढ़ के कृषि विकास और किसानों के हित में केंद्र सरकार ने 181.99 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। यह राशि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और कृषि उन्नति योजना के तहत दी गई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संबंध में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय कृषि मंत्रियों के सम्मेलन ‘रबी अभियान 2026’ के दौरान 28 और 29 सितंबर को कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्हें छत्तीसगढ़ के लिए जारी राशि की जानकारी दी गई।
केंद्र सरकार द्वारा जारी 181.99 करोड़ रुपये में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 91.20 करोड़ रुपये और कृषि उन्नति योजना के तहत 90.79 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस राशि से प्रदेश में कृषि से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलने और किसानों को लाभ पहुंचने की उम्मीद है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने राशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग कर किसानों तक इसका अधिकतम लाभ पहुंचाने की अपेक्षा जताई।
वहीं, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई गति मिल रही है। जारी राशि का उपयोग कृषि विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने और किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए किया जाएगा।


