भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) से संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रवेशित विद्यार्थी 5 से 19 अक्टूबर 2026 तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन फॉर्म भर सकेंगे।
ऑनलाइन आवेदन के बाद संबंधित महाविद्यालय विद्यार्थियों के फॉर्म और दस्तावेजों की जांच कर 26 अक्टूबर तक अनुमोदन करेंगे। विद्यार्थियों को फॉर्म भरते समय व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी सावधानी से दर्ज करने के साथ आवश्यक दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे।
नामांकन के लिए मूल अंकसूची, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, प्रवेश से संबंधित दस्तावेज समेत अन्य जरूरी अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को दस्तावेजों की नियमानुसार जांच करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC) ID भी जरूरी होगी। विद्यार्थियों को नामांकन प्रक्रिया के दौरान एबीसी आईडी से संबंधित जानकारी उपलब्ध करानी होगी।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन फॉर्म, दस्तावेज अपलोड तथा सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि तकनीकी समस्या या दस्तावेजों में त्रुटि होने पर सुधार के लिए पर्याप्त समय मिल सके।


