राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आज राजनांदगांव जिले में व्यापम की परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में हो रही है, जिसके लिए जिले में कुल 62 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की दो स्तरों पर जांच की जा रही है। मुख्य गेट पर एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच के साथ तलाशी ली गई। इसके बाद परीक्षा कक्ष के प्रवेश द्वार पर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की जांच की गई।
परीक्षा केंद्रों के अंदर पर्यवेक्षकों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं, केंद्रों के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग की गई है और अभिभावकों को परीक्षा केंद्रों से दूर रखा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि या नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुचित साधन का इस्तेमाल करते पाए जाने वाले अभ्यर्थी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।


