रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित बस्तर संभाग के लिए सांसद महेश कश्यप ने 500 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री को पत्र लिखकर बस्तर, सुकमा और बीजापुर के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है।
प्रस्तावित पैकेज में बस्तर के लिए 300 करोड़ रुपये तथा सुकमा और बीजापुर के लिए 100-100 करोड़ रुपये शामिल हैं। सांसद ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को फसल, मकान और मवेशियों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
सांसद ने जोरा नाला की नए सिरे से हाइड्रोलॉजिकल स्टडी और DPR तैयार कराने, इंद्रावती नदी में ड्रेजिंग तथा जगदलपुर में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने का सुझाव दिया है। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम बस्तर भेजने का आग्रह किया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले चुके हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था।


