रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के चुनाव में फर्जी वोटिंग और OTP के जरिए मतदान में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर विवाद बढ़ गया है। प्रदेशभर से करीब 400 शिकायतें चुनाव प्राधिकरण तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने मामले की जांच होने तक चुनाव परिणाम पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनय शील ने मतदान प्रक्रिया में तकनीकी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ‘With IYC’ एप की जांच की मांग की है। उनका दावा है कि उनके एप अकाउंट में सात नए ‘अनपेड वोट’ जुड़े हैं, जिनमें सूरजपुर से एक, खैरागढ़-छुईखदान से चार और कोरबा से दो वोट शामिल हैं।
विनय शील का आरोप है कि इन वोटों के लिए उन्होंने स्वयं मतदान नहीं कराया और ये वोट प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी क्रमांक-4 के पक्ष में दर्ज हुए हैं।
वहीं, कुछ कार्यकर्ताओं ने बिना जानकारी उनके नाम पर वोट डाले जाने और OTP मांगकर मतदान कराने के आरोप भी लगाए हैं। मामला अब राष्ट्रीय नेतृत्व और चुनाव प्राधिकरण तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की जांच के बाद ही चुनाव परिणाम घोषित करने की मांग की है।


