नई दिल्ली, 30 सितंबर। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रमुख नेता बुधवार को नई दिल्ली में बैठक करेंगे। इसमें निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ संयुक्त अभियान की रूपरेखा तैयार करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए संसद में प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस का मसौदा तैयार किया गया है। बैठक में इस पर विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। यह उनके खिलाफ इस तरह का तीसरा प्रयास बताया जा रहा है।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल के अलावा तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी सहित विभिन्न विपक्षी दलों के नेता शामिल होंगे।
समाजवादी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रतिनिधि भी बैठक में हिस्सा लेंगे। वहीं, द्रमुक और आम आदमी पार्टी बैठक में शामिल नहीं होंगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी व्यस्तताओं के चलते बैठक में शामिल नहीं होंगे और उनकी जगह पार्टी के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के मुताबिक, बैठक में विपक्षी दलों से सुझाव लेकर आगामी आंदोलन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। वहीं, द्रमुक ने बैठक में शामिल नहीं होने के बावजूद संसद में ज्ञानेश कुमार को हटाने के प्रस्ताव का समर्थन करने की बात कही है।


