बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। बैंककर्मियों ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टाल दी है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक में इस पर सहमति बनी।
बैठक में हर सप्ताह पांच दिन काम और शनिवार-रविवार को अवकाश की मांग पर चर्चा की गई। इसके लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का फैसला लिया गया है। यह समिति विभिन्न विकल्पों पर विचार करने के साथ संबंधित पक्षों से भी चर्चा करेगी।
बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना (PLI) पर भी चर्चा हुई। यूनियनों की आपत्तियों और सुझावों को सरकार के समक्ष रखने पर सहमति बनी है।
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन काम करने की है। इसके लिए कर्मचारियों ने सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त काम करने का प्रस्ताव दिया है।
हड़ताल टलने के फैसले से बैंक ग्राहकों को राहत मिली है। हालांकि, पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग पर अंतिम निर्णय होना अभी बाकी है।


