उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में गौधन की सुरक्षा, समुचित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गौसेवकों और पशुपालकों की बैठक ली। बैठक में जिले में गौधन के संरक्षण और देखभाल से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को गौधन की बेहतर देखभाल और रखरखाव के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को ग्राम सरेखा में गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने कहा।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए क्रेन, जेसीबी सहित आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गुजरात की व्यवस्थाओं का किया उल्लेख
उप मुख्यमंत्री ने गुजरात में गौधन की देखभाल और पशुधन प्रबंधन के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि वहां की अच्छी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर कबीरधाम जिले में भी उपयोगी व्यवस्थाओं को लागू करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए। उन्होंने व्यवस्था का अवलोकन करने के इच्छुक गौसेवकों एवं गौ रक्षकों को गुजरात भ्रमण कराने की बात भी कही।
पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता के निर्देश
श्री शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक को गौधन के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार पशु चिकित्सकों तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बीमार और घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों एवं पशुपालकों से गौधन की सुरक्षा और देखभाल के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील की। साथ ही गौसेवकों और पशुपालकों के साथ बैठक कर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गौसेवक एवं पशुपालक उपस्थित रहे।


